थाना भराड़ी के प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए घुमारवी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव शनिवार को परिजनों को सौंप दिया गया। चिकित्सकों की रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। जगत राम के दो बेटे हैं। बड़े बेटे की शादी की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। शनिवार सुबह बारात निकलनी थी, लेकिन अचानक हुए इस हादसे के कारण माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। परिजनों की सहमति से और सामाजिक रीति-रिवाजों को ध्यान में रखते हुए सीमित लोगों के साथ दूल्हा बारात लेकर गया, जहां शादी की रस्में पूरी की गईं।
हालांकि, दुखद परिस्थिति के कारण दुल्हन को फिलहाल ससुराल नहीं लाया गया। शोकाकुल परिवार में छोटे बेटे ने अपने पिता जगत राम को मुखाग्नि दी। पूरे गांव में इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है। जो घर कल तक रोशनी और हंसी-खुशी से भरा था, आज वहां मातम पसरा है। पंचायत प्रतिनिधियों सहित गांव के लोगों और रिश्तेदारों ने परिवार के प्रति दुख व्यक्त किया है।