प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान (रविवार को)
रविवार को विभिन्न शहरों में दर्ज किया गया अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा:
| शहर |
अधिकतम तापमान (°C) |
| शिमला |
27.4 |
| मंडी |
35.6 |
| कल्पा |
26.6 |
| धर्मशाला |
33.0 |
| नाहन |
32.5 |
| चंबा |
33.4 |
| ऊना |
38.0 |
| नेरी |
38.0 |
| बिलासपुर |
37.0 |
| सोलन |
32.0 |
ऊना में मानसून की दस्तक, पहली बारिश से किसानों के खिले चेहरे
जिला ऊना के चकसराय क्षेत्र में सोमवार को मानसून ने पहली बारिश के साथ दस्तक दे दी। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बरसात किसी राहत से कम नहीं रही। पहली अच्छी बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। वहीं, भीषण गर्मी से आम लोगों को भी राहत मिली है।
स्थानीय किसान सुभाष चंद ने कहा कि यह बारिश मक्की की फसल के लिए संजीवनी का काम करेगी। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने गर्मियों की मक्की की बिजाई की है, उनके लिए यह वर्षा बेहद लाभदायक साबित होगी। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण किसान फसल को लेकर चिंतित थे, लेकिन समय पर हुई बारिश से फसल को नई ऊर्जा मिलेगी। उनका कहना है कि तापमान जितना नियंत्रित रहेगा और खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी, मक्की की बढ़वार उतनी ही अच्छी होगी और पैदावार भी बेहतर मिलने की संभावना है।
कृषि प्रसार अधिकारी चंदन शर्मा ने भी पहली मानसूनी बारिश को खरीफ फसलों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि समय पर हुई वर्षा से मक्की सहित अन्य खरीफ फसलों की बढ़वार में तेजी आएगी। साथ ही किसानों को सिंचाई पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी। उन्होंने किसानों से मौसम के अनुसार कृषि कार्य करने और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने की भी सलाह दी। क्षेत्र के किसानों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी मानसून सामान्य बना रहता है, तो इस वर्ष मक्की की अच्छी पैदावार होने की पूरी उम्मीद है। पहली बारिश ने न केवल खेतों में नई जान फूंकी है, बल्कि किसानों के मन में भी बेहतर फसल की उम्मीद जगा दी है।