नेशनल हाईवे 505 का ग्रांफू-लोसर मार्ग मंगलवार से आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया। इसके बाद ग्रांफू-कुंजुम दर्रा-लोसर क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। अब स्पीति के काजा के लिए ग्रांफू-कुंजुम दर्रा-लोसर होकर कोई वाहन नहीं जा सकेगा।
किन्नौर और रामपुर होते हुए सालभर काजा के लिए आवाजाही जारी रहेगी
मनाली-अटल टनल रोहतांग, ग्रांफू-लोसर होते हुए काजा तक यात्रा करने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अगले साल अप्रैल-मई तक का इंतजार करना होगा। हालांकि, किन्नौर और रामपुर होते हुए सालभर काजा के लिए आवाजाही जारी रहेगी। सड़क पर जम रही ब्लैक आइस के कारण यह मार्ग जोखिम भरा हो गया है। बीआरओ की अनुशंसा के बाद प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्णय लिया है। मनाली-लेह मार्ग पर पहले ही जिंगजिंगबार से लेकर सरचू तक वाहनों की आवाजाही बंद है। ग्रांफू से रोहतांग दर्रा सड़क भी बंद है।
अब एनएच 505 में ग्रांफू-लोसर मार्ग भी बंद हो चुका है। इसके बावजूद सोमवार को अटल टनल रोहतांग के जरिये छह वाहन यात्रियों और आवश्यक सामग्री के साथ ग्रांफू से कुंजुम दर्रा होकर लोसर और काजा के लिए रवाना हुए थे।
निर्देशों का पालन करें सैलानी
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने स्पष्ट किया कि ग्रांफू-लोसर मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहनों को गुजरने की अनुमति नहीं है। प्रशासन ने लाहौल आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वह दिशा-निर्देशों का पालन करें।
रोहतांग बंद, मनाली के पर्यटन स्थलों में उमड़े पर्यटक
सड़क मरम्मत के कार्य के कारण मंगलवार को रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद रहा। ऐसे में मनाली के स्थानीय पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की ठीकठाक भीड़ देखने को मिली। मनाली के मालरोड से सोलंगनाला, लाहौल के सिस्सू और कोकसर तक पर्यटकों का मेला लग गया। इस वजह से कई जगह हल्का जाम भी लगा।
बीआरओ ने सड़क की मरम्मत के लिए दो दिन रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद किया है। मंगलवार और बुधवार को सड़क की मरम्मत होगी। मनाली में घूमने के लिए आए पर्यटक मंगलवार को रोहतांग का दीदार नहीं कर पाए। ऐसे में पर्यटकों ने सोलंगनाला, सिस्सू, कोकसर आदि इलाकों का रुख किया। हिडिंबा मंदिर, मनु मंदिर, क्लब हाउस, वशिष्ठ, नग्गर में भी ठीकठाक पर्यटक जुटे।
दिनभर इस पर्यटन स्थलों मे सैर के बाद शाम होते ही मनाली के मालरोड में पर्यटकों का मेला लग गया। मालरोड में चहल पहल बढ़ गई है। पर्यटन कारोबारियों की मानें तो मनाली में विंटर सीजन ने दस्तक दे दी है। धीरे-धीरे मनाली में पर्यटकों का आंकड़ा बढ़ रहा है। दिसंबर महीने में मनाली का विंटर सीजन बूम पर आएगा। पर्यटन कारोबारी गौतम ठाकुर ने बताया कि मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। होटलों की ऑक्यूपेंसी 40 प्रतिशत के पार है। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि दिसंबर में पर्यटन कारोबार और रफ्तार पकड़ेगा। नववर्ष और क्रिसमस मनाने के लिए पर्यटकों की भीड़ उमड़ेगी।