पर्यटन सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एलायंस एयर ने शिमला-दिल्ली रूट पर सप्ताह के सातों दिन विमान सेवा संचालित करने का फैसला लिया है। कंपनी की ओर से जारी नए शेड्यूल में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण शिमला एयरपोर्ट प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई है। अब तक मंगलवार को इस रूट पर उड़ान सेवा उपलब्ध नहीं थी। नए शेड्यूल के अनुसार, शिमला-धर्मशाला रूट पर भी अब हफ्ते में छह दिन यानी सोमवार से शनिवार तक रोजाना फ्लाइट संचालित होगी। अभी इस रूट पर रविवार और मंगलवार को उड़ान सेवा बंद रहती थी। वीकेंड पर बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचते हैं। ऐसे में रविवार को भी दिल्ली-शिमला-दिल्ली रूट पर विमान सेवा संचालित होने से विशेष रूप से हाईएंड टूरिस्ट को लाभ मिलेगा। वहीं, शिमला और धर्मशाला के बीच छह दिन नियमित उड़ानों से दोनों शहरों के बीच आवागमन और आसान होगा।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अब शिमला और दिल्ली के बीच सप्ताह के सातों दिन विमान सेवा संचालित होगी। शिमला और धर्मशाला के बीच सोमवार से शनिवार तक रोजाना फ्लाइट उपलब्ध रहेगी।- सतीश कुमार, निदेशक भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण शिमला एयरपोर्ट