पांवटा साहिब की एक दवा कंपनी के नाम पर नकली दवाएं बनाने और सप्लाई करने का भंडाफोड़ किया गया है। कंपनी के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने हिसार (हरियाणा) से एक मेडिकल लैब मालिक को गिरफ्तार किया है।
एसपीआर हेल्थकेयर कंपनी के मालिक नितिन गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लैब मालिक ने पिछले साल उनकी कंपनी के नाम से नकली एंटीबायोटिक दवाएं तैयार कीं और फिर सीएमओ लद्दाख को भेजीं। ये दवाएं ड्रग इंस्पेक्टर ने जब्त की थीं और जांच में गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं पाई गईं। दवाइयों पर एसवीआर हेल्थकेयर का फर्जी लाइसेंस और बैच नंबर भी पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया।
जांच टीम शुक्रवार को हिसार रवाना हुई और ड्रग कंट्रोलर हेमंत की उपस्थिति में आरोपी अनिकेत की लैब में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर अनिकेत को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पांवटा पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उसे 18 नवंबर तक रिमांड पर भेज दिया है। एसपी ने बताया कि एसआईटी गहनता से जांच कर रही है। दवा निर्माण में आरोपी के साथ और कितने लोग शामिल रहे, उनकी पहचान की जा रही है।