चमियाना के लिए अभी तक नहीं चलीं बसें
सुपरस्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में ओपीडी शुरू हुए पंद्रह दिन से अधिक का समय हो चुका है। इसके बावजूद अभी तक यहां जाने-आने के लिए मरीजों को बस सुविधा नहीं मिल पाई है। हालत यह है कि दो टेंपो ट्रैवलर में मरीज और स्टाफ सफर करने को मजबूर हैं। इस वजह से प्रदेशभर से यहां उपचार करवाने के लिए आने वाले मरीजों को भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्रबंधन का कहना है कि उनसे अभी तक स्पेशल बसें चलाने के लिए सिर्फ एस्टीमेट मांगा है तो वहीं आईजीएमसी प्रबंधन के मुताबिक उन्होंने एचआरटीसी से यहां के लिए बसें चलाने की मांग की है। डीएम देवासेन नेगी ने बताया कि आईजीएमसी प्रबंधन की ओर से स्पेशल बसें चलाने के लिए एस्टीमेट मांगा था। इसको लेकर उनसे पूरी जानकारी उपलब्ध करवा दी गई है।