हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में किसी भी छात्र ने संस्कृत विषय में दाखिला नहीं लिया है। वहीं, छात्र एजूकेशन, टूर एंड ट्रेवल और म्यूजिक विषयों में भी रुचि नहीं ले रहे हैं। इन विषयों में दो मेरिट सूचियों के बावजूद सबसे कम आवेदन आए हैं। वहीं कुछ विषय तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं। टूर एंड ट्रेवल में पांच छात्रों ने ही आवेदन किया है, जबकि एजूकेशन में भी छात्रों का आंकड़ा दस से कम ही है। महाविद्यालय में दो मेरिट सूचियां लग चुकी हैं और इसकी काउंसलिंग भी चली हुई है, लेकिन इन विषयों में अधिकतर सीटें खाली ही हैं।
इसके विपरीत इतिहास, राजनीति शास्त्र, अंग्रेजी ऐसे विषय हैं जिनमें छात्र अधिक रुचि ले रहे हैं और इनमें सबसे ज्यादा आवेदन और दाखिले हुए हैं। कॉलेज की संस्कृत अध्यापक प्रो. आशा ने कहा कि जिन बच्चों ने संस्कृत पढ़नी होती है, वे पहले ही संस्कृत कॉलेजों में दाखिला ले लेते हैं। वहीं कई छात्र ऑनलाइन भी आवेदन नहीं कर सके हैं। उधर, टूर एंड ट्रेवल विषय प्रभारी प्रो. सुरेंद्र ने कहा कि अभी तक पांच ही दाखिले विषय में आए हैं। कोरोना के कारण और विषय में छात्रों की कम रुचि के कारण आवेदन कम हैं। अगर दाखिला तिथि बढ़ती है तो खाली बची सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अंजू बत्ता सहगल ने कहा कि इन विषयों में छात्रों ने कम आवेदन किए हैं। अंग्रेजी, इतिहास और राजनीति शास्त्र में अधिक आवेदन हैं। खाली सीटों पर छात्रों को अभी भी दाखिले दिए जाएंगे। दाखिला तिथि बढ़ने की सूचना तो है पर अभी इसकी अधिसूचना जारी नहीं हुई है।