भोरंज के टिक्कर भराइयां में आग से राख हुआ लकड़ी उद्योग।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के टिक्कर भराइयां गांव में एक फर्नीचर उद्योग आग से पूरी तरह से राख हो गया है। अग्निकांड से मालिक रणजीत सिंह पुत्र राम नाथ निवासी गांव भ्याड़ तहसील भोरंज का लाखों का नुकसान हो गया है। उद्योग में रखी इमारती लकड़ी, आरा, मशीनरी, फर्नीचर और साथ खड़ी एक कार भी जल गई है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
यह घटना शनिवार रात करीब तीन बजे की है। आग की लपटें उठती देख उद्योग के नजदीक रहने वाले सुभाष चंद और आलोक कुमार ने इसकी सूचना मालिक और दमकल विभाग को दी। सूचना पर उद्योग का मालिक रणजीत मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग प्रबल हो गई।
जब तक दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, सब राख हो चुका था।
मालिक रणजीत सिंह ने कहा कि इस अग्निकांड में करीब 15 लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही भोरंज थाना प्रभारी सीआर चौधरी भी टीम सहित मौके पर पहुंचे और छानबीन की। उन्होंने कहा कि पुलिस छानबीन कर रही है। इस बारे में तहसीलदार भोरंज अमर सिंह ने बताया कि हलका पटवारी के मौका देखकर नुकसान का आकलन करने को कहा गया है। पीड़ित की हर संभव मदद की जाएगी।