गांधी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में आपदा से संबंधित जानकारी प्राप्त करते युवा। संवाद
हमीरपुर। गृह रक्षा दसवीं वाहिनी हमीरपुर ने सुरक्षित हिमाचल अभियान के तहत गांधी चौक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान प्राकृतिक आपदाओं व मानव निर्मित आपदाओं के बारे में जानकारी दी।
होमगार्ड विभाग के प्रयासों के अंतर्गत नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों का नामांकन किया गया। इस दौरान करीब 34 युवाओं ने नामांकन करवाया। जिन युवाओं का नामांकन हुआ है, वह कमांडेंट ऑफिस हमीरपुर में आएंगे और नाम सहित पूरी जानकारी लिखवाएंगे। यह सूची एसडीएम को दी जाएगी। उसके उपरांत इन युवाओं को विभिन्न आपदाओं से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रतिभागियों को नागरिक सुरक्षा का पहचान पत्र दिया जाएगा। प्रशिक्षण भी निशुल्क रहेगा। नियमों के मुताबिक परिश्रमिक भत्ता दिया जाएगा। वहीं, आपदा में जान और माल की सुरक्षा करने पर समय-समय पर विशेष आयोजनों के दौरान पारितोषितक किया जाएगा। कमाडेंट होमगार्ड दसवीं बटालियन हमीरपुर विनय कुमार ने कहा कि कार्यक्रम के तहत इच्छुक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। आगामी दिनों में कई जगहों पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होंगे।