हमीरपुर। हमीरपुर जिले में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को प्रथम चरण में 17 मई से 31 मई तक टीके लगाए जा रहे हैं। इसके लिए कुल 66 सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक सत्र के लिए निर्धारित तिथि से दो दिन पूर्व ऑनलाइन माध्यम से स्लॉट बुकिंग अनिवार्य की गई है, लेकिन कोविन एप पर लॉगिन करते ही स्लॉट बुकिंग कुछ मिनटों में ही फुल हो जा रही है। स्लॉट बुकिंग के लिए जिले में काफी मारामारी है। स्लॉट बुक न होने से लोगों को खासी परेशानी हो रही है। युवाओं में रमेश शर्मा, प्रदीप कुमार, सुनील शर्मा, अश्वनी ठाकुर और रिंकू ने कहा कि उन्होंने 20 मई की वैक्सीनेशन के लिए कोविन एप पर लॉगिन किया, लेकिन स्लॉट बुक नहीं हो पाया। वेबसाइट पर पहले ही सारे स्लॉट बुक दिखाए जा रहे हैं।
उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने बताया कि 20 मई के सत्र के लिए 18 मई को दोपहर दो बजे के बाद स्लॉट बुकिंग आरंभ हुई। वहीं, 24 मई के सत्र के लिए 22 मई को दोपहर 2.00 बजे, 27 मई को आयोजित सत्र के लिए 25 मई दोपहर 2.00 बजे जबकि, 31 मई के सत्र के लिए 29 मई, 2021 को दोपहर दो बजे से स्लॉट की बुकिंग की जा सकेगी।
प्रत्येक सत्र में केवल 100 लोगों को ही टीके लगाए जाएंगे और स्लॉट बुक होने के बाद उनके मोबाइल पर पुष्टि के लिए एक एसएमएस संदेश भेजा जाएगा। यह संदेश प्राप्त करने वाले लोग ही उस दिन टीकाकरण के लिए पात्र होंगे। शेष लोगों को आगामी चरणों में टीके लगाए जाएंगे। टीकाकरण के लिए पंजीकरण केवल ऑनलाइन माध्यम से होगा जिसके लिए इच्छुक लोगों को https://www.cowin.gov.in पर जाना होगा। सत्र स्थल पर ऑन द स्पॉट पंजीकरण की व्यवस्था फिलहाल नहीं की गई है। उन्होंने सभी पात्र लोगों से आग्रह किया है कि वे पुष्टि संबंधी संदेश प्राप्त होने के बाद ही टीका स्थल पर जाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक तौर पर परेशान न होना पड़े और कोविड नियमों की अनुपालना भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क लगाने का भी आग्रह किया है।