हमीरपुर। प्रधानमंत्री कौशल केंद्र हमीरपुर ने कौशल भारत मिशन के तहत पंजीकृत प्रशिक्षुओं के लिए हमीरपुर में कौशल युवा संवाद का आयोजन किया। बुधवार को आयोजित इस संवाद में 300 उम्मीदवार उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री कौशल केंद्र प्रबंधक पवन जैन कहा कि 15 जुलाई को विश्व युवा कौशल दिवस के मौके और कौशल भारत मिशन की चौथी वर्षगांठ पर कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय ने सभी प्रशिक्षण केंद्रों को कौशल युवा संवाद के लिए आमंत्रित किया। जैन ने कहा कि हर प्रशिक्षण केंद्र को कम से कम 20 उम्मीदवारों के साथ इस संवाद में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया। उम्मीदवारों से बातचीत के बाद इस कौशल युवा संवाद की सिफारिशों और चर्चा को पोर्टल के जरिये मंत्रालय को भेजा गया है। वहीं, अन्य प्रधानमंत्री कौशल केंद्र, आईटीआई, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत आने वाले संस्थानों में भी कौशल युवा संवाद का आयोजन किया जा रहा है। इनकी सिफारिशों को भी पोर्टल के जरिये मंत्रालय को भेजा जा रहा है। इनमें चुने हुए उम्मीदवारों को 15 जुलाई को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में कौशल विकास उद्यमशीलता मंत्रालय के मंत्रियों के साथ खुली वार्ता में भाग लेने के लिए बुलाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं और मंत्रियों के बीच संवाद स्थापित करना है। वहीं, कौशल युवा संवाद का मुख्य मकसद देशभर के युवाओं के साथ बातचीत के जरिये विभिन्न विषयों, विचारों, चुनौतियां और सिफारिशों को इकट्ठा करना है। उन्होंने कहा कि कौशल युवा संवाद युवाओं की मानसिकता, उनकी अपेक्षाओं और विजन को समझने के लिए एक शानदार पहल है।