बिझड़ी (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत सठवीं पंचायत में शनिवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होंगे। व्यक्ति की पहचान विनीश कुमार (36) पुत्र विधि चंद के रूप में हुई। विनीश कुमार पेशे से ट्रैक्टर चालक था। ग्रामीणों ने सवेरे जब सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची बड़सर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। शव पर चोट अथवा वार के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। परिजनों ने भी हत्या की आशंका नहीं जताई है। एसडीपीओ आईपीएस अधिकारी सचिन हीरेमठ ने कहा कि सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने के सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर जाकर कार्रवाई की है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।