बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के बाजार में सोमवार को बुलडोजर की सहायता से सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग बड़सर ने कुछ दिन पूर्व की बाजार में निशानदेही करवाई थी और अतिक्रमण वाले स्थान को चिन्हित किया था। उसी के तहत सोमवार को कार्रवाई की गई और अतिक्रमण हटाया गया।
इस दौरान करीब 30 दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाया गया। यह प्रक्रिया पूरे बड़सर बाजार में की गई। अतिक्रमण के कारण कई बार यातायात की समस्या रहती थी।
उच्च न्यायालय के आदेशानुसार प्रदेश भर में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे को हटाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी सोमवार सुबह ही बुलडोजर लेकर बड़सर बाजार में पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की। हालांकि किसी ने भी इसका विरोध नहीं किया और शांतिपूर्ण ढंग से कार्य किया गया।
इस मौके पर मौजूद बड़सर के तहसीलदार सूरम सिंह ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार यह कार्रवाई की जा रही है। इसमें केवल अवैध कब्जों को ही हटाया जाएगा और अन्यथा किसी को तंग नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई सोमवार को बड़सर में की गई और अब मैहरे बाजार से अवैध कब्जे को हटाया जाएगा।