गलोड़ (हमीरपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गलोड़ में पिछले तीन माह से एक्सरे मशीन खराब चल रही है। इससे मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को एक्सरे कराने के लिए हमीरपुर, बड़सर और नादौन जाना पड़ रहा है। इससे जनता को समय की बर्बादी के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों पूर्व प्रधान विद्या प्रकाश, राजेश कुमार शर्मा, निशा शर्मा, ध्रुव सिंह राणा, प्रकाश चंद, राकेश कुमार, रमेश चंद, आशा देवी आदि ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गलोड़ में पिछले तीन माह से एक्सरे मशीन खराब है। इससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि गलोड़ कस्बे में कहीं भी निजी लैब में एक्स-रे मशीन उपलब्ध नहीं है। लोगों को हमीरपुर जाकर निजी लैब में तीन से चार गुना ज्यादा पैसे देकर एक्स-रे करवाने पड़ रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र गलोड़ में प्रतिदिन 200 के करीब ओपीडी है। यहां 32 पंचायतों के बाशिंदे विभिन्न बीमारियों की जांच कराने और इलाज कराने आते है। लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से शीघ्र खराब हुई मशीन को ठीक करवाने या नई मशीन लगाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार व विभाग ने यहां एक्सरे मशीन नहीं लगाई तो लोग अस्पताल के गेट के सामने धरने पर बैठेंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी सरकार व स्वास्थ्य विभाग की होगी। इस बारे में खंड स्वास्थ्य अधिकारी गलोड़ अरविंद कौंडल ने कहा कि यहां एक्सरे मशीन जो पहले थी, वह बहुत पुरानी हो चुकी है और खराब है। नई मशीन के लिए उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया है। जैसे ही विभाग नई मशीन का बजट पास कर देगा, यहां नहीं मशीन लगा दी जाएगी।