x-ray and ultrasoumd stoped in bhoranj hospital
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की 33 पंचायतों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने वाले एकमात्र सिविल अस्पताल भोरंज में 15 दिनों से एक्सरे और अल्ट्रासाउंड सुविधा बंद है। इससे अस्पताल में इलाज करवाने आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भोरंज अस्पताल में रोजाना 350 के करीब ओपीडी है। यहां पर अल्ट्रासाउंड मशीन तो है लेकिन, डॉक्टर नहीं है। यहां के रेडियोलॉजिस्ट प्रमोट होकर हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, वार्ड सिस्टर भी प्रमोट होकर हमीरपुर अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
क्षेत्र के लोगों विनोद कुमार, रजनीश, व्यापार मंडल प्रधान सुभाष ठाकुर, अमन सोनी, अश्वनी, अश्वनी ठाकुर, रणजीत सिंह, मुकेश आदि ने कहा है कि चिकित्सक न होने से उन्हें निजी लैबों में एक्सरे व अल्ट्रासाउंड करवाने पड़ रहे हैं। इस कारण उन्हें अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं और समय का नुकसान भी हो रहा है। इन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि इन दोनों कर्मचारियों को भोरंज में लगाया जाए क्योंकि हमीरपुर अस्पताल में स्टाफ की कोई कमी नहीं है। भोरंज अस्पताल में स्टाफ की कमी रहती है। उधर, बीएमओ भोरंज डॉ. ललित कालिया नेे कहा कि रेडियोलॉजिस्ट व वार्ड सिस्टर प्रमोट हुए हैं। इस वजह से पद खाली है और सुविधाओं में दिक्कत आ रही है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है और जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा।
-