खोखा मार्केट के पास फुटपाथ निर्माण कार्य में लगी जेसीबी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। बस अड्डा हमीरपुर के बाहर खोखा मार्केट के पास फुटपाथ का निर्माण कार्य मंगलवार को शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी से खुदाई करनी शुरू कर दी है। इस फुटपाथ को बाल स्कूल की चारदीवारी के साथ बनाए गए फुटपाथ के साथ जोड़ा जाएगा ताकि, राहगीरों को आने जाने में सुविधा हो। खोखा मार्केट में पूर्व में कुछ दुकानों को तोड़ा गया था, जिस कारण वहां बनी जल निकासी भी टूट गई थी। कई जगह से सीवरेज का गंदा पानी भी लीकेज के कारण इस नाली में आ जाता है। जिससे गंदगी और बदबू फैली रहती है। टूटी नाली में बरसात का पानी इकट्ठा होने से नाली खड्ड में तबदील हो चुकी है।
नाली में बहने वाली गंदगी सड़क पर आ रही है। जिस कारण लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। खुली नाली में गंदा पानी बहने के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। बस अड्डा से ऊपर की ओर जाने के लिए फुटपाथ न होने से लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। लोगों में रमेश कुमार, सुुनील चौधरी, नवीन कुमार, संजय कुमार आदि ने कहा कि बरसात का मौसम शुरू हो गया है। जिस कारण अब यहां पर चारों तरफ पानी खड़ा है। अभी तक प्रशासन यहां पर फुटपाथ नहीं बना पाया। वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता देवराज भाटिया ने कहा कि फुटपाथ बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उपायुक्त ने फुटपाथ बनाने के लिए 10 लाख की राशि स्वीकृत की है। अगर स्वीकृत राशि कम पड़ती है तो और दी जाएगी। शहर भर के लोगों को जल्द ही फुटपाथ बनाकर सुविधा दी जाएगी।