भोरंज (हमीरपुर)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत करीब चार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन टिक्करी–ग्वाटा (वाया सुंगरवाड़, समलोग) सड़क का निर्माण कार्य पिछले 20 दिनों से बंद पड़ा है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि छह माह पहले सड़क की खुदाई और डंगे लगाने का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन पिछले दस दिनों से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि बरसात का मौसम नजदीक है और कई स्थानों पर अभी भी डंगे नहीं लगाए गए हैं। यदि समय पर कार्य पूरा नहीं हुआ तो भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, जिससे आसपास के मकानों और लोगों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।
लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य को तुरंत दोबारा शुरू कर समय पर पूरा किया जाए, ताकि संभावित खतरे से बचा जा सके और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
कोट
मामला ध्यान में आया है। ठेकेदार को निर्माण दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
-राजेश कुमार, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, भोरंज