लदरौर(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के जाहू में सब तहसील बनने का सपना पूरा होने जा रहा है। इस कवायद को अंजाम देने के लिए राजस्व विभाग की विभागीय कमेटी ने पटवारखानों की प्लानिंग दायरा रिपोर्ट बनाने के लिए पत्र जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के भोरंज दौरे के दौरान लदरौर में पुलिस चौकी, भरेड़ी में स्पोर्ट्स हॉस्टल तथा जाहू में सब तहसील खोलने की घोषणा की थी। अब प्रथम चरण में जाहू को सब तहसील का दर्जा मिलने जा रहा है। इसके लिए राजस्व विभाग ने भोरंज उपमंडलीय प्रशासन को कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा है।
जाहू सब तहसील में कितने पटवारवृत्त व गांव समाहित किए जाने हैं, भोरंज प्रशासन रिपोर्ट तैयार कर राजस्व विभाग को भेजेगा। इस समय भोरंज उपमंडल में 33 पटवारखाने और 39 ग्राम पंचायतें हैं। इनका जिम्मा अकेले भोरंज तहसील के हवाले था। जहां कार्य का बोझ ज्यादा होने के कारण लोगों के कार्य कई बार समय पर नहीं हो पाते।
वहीं, काम का अतिरिक्त बोझ पड़ने से कर्मचारी भी परेशान दिखाई देते थे। विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि जाहू की परिधि के अंतर्गत आते लोगों को अपने राजस्व संबंधी काम करवाने के लिए अब परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के लिए राजस्व विभाग को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कोट
एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप ने कहा कि जाहू को सब तहसील बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जाहू सब तहसील में कितने पटवारवृत्त जाहू सब तहसील की परिधि में लिए जाएंगे, इसकी प्लानिंग दायरा रिपोर्ट राजस्व विभाग को जल्द भेजी जाएगी। इस संबंध में जिला प्रशासन से उन्हें पत्र मिल चुका है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक जाहू में सब तहसील भवन का कार्य पूरा नहीं होता, पटवारवृत्त में ही जनता की सुविधा को देखते हुए कार्य सुचारू करवाया जाएगा।