सुजानपुर(हमीरपुर)। ढ़ाई वर्ष के इंतजार के बाद सुजानपुर के करोट में डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण शुरू हो गया है। शनिवार को विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ साइट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 150 कनाल भूमि पर प्रस्तावित भवन निर्माण में प्रथम चरण में प्राथमिक ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। प्राथमिक विंग के भवन के साथ दो खेल मैदानों और पार्किंग का निर्माण होगा। निर्माण पर 11 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
संस्थान में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू के निर्देशानुसार प्राइमरी विंग के भवन को एक साल के भीतर तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आगामी शैक्षणिक सत्र से सुजानपुर और इसके आसपास के अन्य गांवों के आम परिवारों के बच्चों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस क्लासरूम, खेलने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला ग्राउंड, एनसीसी, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।
करोट में कार्य से पूर्व लोक निर्माण विभाग की ओर से चमियाणा में भूमि का चयन किया गया था, लेकिन जमीन की कमी के चलते साइट को रद्द कर दिया गया। अब निर्माण के लिए करोट में भूमि चयनित की गई है, ताकि विद्यार्थियों को स्कूल में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
कोट्स
करोट में डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। प्रथम चरण में 11 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक विंग का निर्माण किया जाएगा।
-देवराज, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, टौणी देवी
निर्माण कार्य के लिए राशि लोक निर्माण विभाग के खाते में ट्रांसफर कर दी गई है। संबंधित विभाग ने निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है।
-डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग, हमीरपुर
करोट में निर्माणाधीन डे बोर्डिंग स्कूल की आधारशिला। स्रोत जागरूक पाठक