नादौन/रंगस (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल गलोड़ और रंगस में घरेलू बिजली मीटरों को उपभोक्ता के आधार कार्ड से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 31 अक्तूबर तक बिजली मीटर उपभोक्ताओं के आधार कार्ड नंबर से जोड़े जाएंगे।
सहायक अभियंता शिवम डोगरा ने बताया कि यह प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए उपभोक्ताओं को अपने घरों में उपलब्ध होने वाले आवश्यक दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर, पहले से तैयार रखना होगा। उन्होंने बताया कि जब बिजली कर्मचारी बिजली का बिल जारी करने के लिए उपभोक्ताओं के घर आएंगे, तो इसी समय केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
डोगरा ने चेतावनी दी कि यदि कोई उपभोक्ता इस केवाईसी प्रक्रिया से वंचित रह जाता है, तो उसे भविष्य में बिजली बिल में आने वाली सुविधाओं से वंचित होने का सामना करना पड़ सकता है। इसके लिए उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।
वहीं, बिजली उपमंडल रंगस के तहत सभी उपभोक्ताओं से 31 अक्तूबर तक अपनी कंज्यूमर आईडी को आधार कार्ड से जोड़ने की प्रक्रिया को पूरा करने की अपील की गई है। सहायक अभियंता संदीप कुमार ने कहा कि इस कार्य के लिए उपमंडल की हर पंचायत मुख्यालय में निर्धारित तिथियों पर बोर्ड के कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 10 अक्तूबर को कर्मचारी ग्राम पंचायत जोलसप्पड़ और रंगस, 14 को बलडूहक और करंडोला प्लासी, 15 को बड़ा और फस्टे, 16 को नौहंगी, बूणी और दंगड़ी, 18 को बर्धयाड़ और सपड़ोह, 19 को रैल और पुतडियाल, तथा 21 अक्तूबर को चोडू और जीहण में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध रहेंगे।