हमीरपुर। जिले में आयोजित होने वाले मेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य बड़े आयोजनों में अब स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं स्वदेशी उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाएंगी।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के माध्यम से महिलाओं को ये स्टॉल आवंटित किए जाएंगे, ताकि उनके उत्पादों को बाजार मिल सके और आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध हो सकें।
इन स्टॉलों पर महिलाएं अचार, चटनी, मुरब्बे, मिठाइयां, क्रोशिये के उत्पाद, मोमबत्तियां और अन्य हस्तशिल्प वस्तुएं बेच सकेंगी। इससे जिले के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचेंगे और उनके स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
कोट
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं खाद्य पदार्थों से लेकर हस्तशिल्प की विभिन्न वस्तुएं तैयार कर रही हैं। अब मेलों और बड़े आयोजनों में स्टॉल मिलने से महिलाएं अपने उत्पादों का प्रचार-प्रसार भी कर सकेंगी।
-अस्मिता ठाकुर, उपनिदेशक एवं सह परियोजना अधिकारी डीआरडीए हमीरपुर