योजना के तहत जिलेभर से 20,800 महिलाएं चयनित
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दिया जाएगा ऋण
घर से संचालित कर सकेंगी लघु कारोबार, मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिले में लखपति दीदी योजना का विस्तार किया जा रहा है। योजना के तहत जिलेभर से 20,800 महिलाओं का चयन किया गया है। चयनित महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और मौजूदा आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को घर से ही लघु उद्योग व छोटे कारोबार संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। महिलाएं सिलाई-कढ़ाई, डेयरी, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, अगरबत्ती निर्माण, मसाला पैकिंग, हस्तशिल्प सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ सकेंगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण, कौशल विकास, वित्तीय सहायता और विपणन (मार्केट) से जुड़ाव की सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी। योजना के माध्यम से चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण के बाद एक से पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी
कोट
स्वयं समूह सहायता के माध्यम से महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। विभिन्न योजनाओं से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। जिले में 20,800 महिलाओं को योजना के तहत चयनित किया गया है।-अस्मिता ठाकुर, उप निदेशक-सह-परियोजना अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी