बजट की मंजूरी न मिलने से महिलाओं को झेलनी पड़ रही दिक्कत
हर वर्ष दिवाली मुख्य बाजार में महिलाओं को मिलते थे स्टाल
इस बार बस अड्डा के सामने ग्रामीण हॉट में बाजार सजाने की थी योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। दिवाली पर्व पर इस बार जिला मुख्यालय में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए स्टाल नहीं मिल पाए हैं। बजट को मंजूरी न मिलने के कारण महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हर वर्ष दिवाली पर जिला ग्रामीण विकास एजेंसी के माध्यम से महिलाओं को मुख्य बाजार में स्टाल लगाने के लिए स्टाल दिए जाते थे, जहां वे अपने हाथों से तैयार उत्पाद बेचकर आमदनी अर्जित करती थीं। इस बार महिलाओं के लिए बस अड्डे के सामने स्थित ग्रामीण हाट में बाजार सजाने की योजना बनाई गई थी। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए जगह उपलब्ध करवाने की तैयारी थी, लेकिन बजट मंजूर न होने से योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। ऐसे में महिलाएं दिवाली के मौके पर अपने उत्पादों की बिक्री से होने वाली अतिरिक्त आमदनी से वंचित रह गई हैं।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं सुमन कुमारी, सीमा देवी, प्रीति, सुनीता, राधिका, नीलम आदि ने कहा वे अचार, मुरब्बा, हस्तशिल्प और अन्य घरेलू उत्पाद तैयार करती हैं। त्योहारों के दौरान लगने वाले स्टाल उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अच्छा माध्यम बनते हैं। इस बार स्टाल नहीं लगने से उन्हें अपने उत्पाद बेचने के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं।
कोट
संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निजी तौर पर महिलाओं को स्टाल लगाने के लिए स्थान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। हमीरपुर को छोड़ कर अन्य सभी ब्लॉकों में महिलाओं ने स्टाल लगाए हैं। -अस्मिता ठाकुर, उपनिदेशक व परियोजना अधिकारी डीआरडीए हमीरपुर