हमीरपुर। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल अब कारोबार का रूप लेने लगी है। सुजानपुर विकास खंड की तीन महिलाएं भलेठ में फूड वैन चलाकर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं।
विज्ञापन
सरिता ठाकुर, मालती वालिया और तनु कुमारी ने अपने कारोबार का विस्तार करते हुए अब पारंपरिक पकवानों और फास्ट फूड के साथ बेकरी उत्पादों की बिक्री भी शुरू कर दी है। फूड वैन में अब बिस्कुट और पैटी भी उपलब्ध हैं। मांग के आधार पर महिलाएं जल्द ही अन्य उत्पाद भी बिक्री के लिए शामिल करेंगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत जिला ग्रामीण विकास एजेंसी की ओर से सुजानपुर विकास खंड की महिलाओं को आठ माह पहले फूड वैन उपलब्ध करवाई गई थी। तीनों महिलाएं मिलकर इसका संचालन कर रही हैं।
विज्ञापन
भलेठ पुल के समीप संकट मोचन द्वार मंदिर और नीचे बहती ब्यास नदी के चलते यहां पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। इससे फूड वैन में खाद्य सामग्री की मांग भी रहती है। इसी को देखते हुए महिलाओं ने कारोबार को विस्तार देने का निर्णय लिया है।
अब पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पारंपरिक पकवानों के साथ बिस्किट और पैटी भी उपलब्ध हो रहे हैं। उत्पादों की बढ़ती विविधता से महिलाओं को अपनी आमदनी बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। संवाद