नादौन में कानून व्यवस्था का जायजा लेतीं डीएसपी रेणू शर्मा।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल के नादौन बाजार में अब हर दुकानदार को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई ग्राहक बिना मास्क लगाए उनकी दुकान पर आता है तो उसे समान न दिया जाए। इसके लिए दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर एक चेतावनी बोर्ड भी लगाना आवश्यक होगा। नादौन में औचक निरीक्षण के लिए आई डीएसपी हमीरपुर रेणू शर्मा ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए लॉकडाउन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। डीएसपी ने बताया कि दुकानदारों के लिए नो मास्क नो सेल अभियान आरंभ किया गया है। जिसमें यदि कोई ग्राहक बिना मास्क लगाकर सामान लेने के लिए आता है तो उसे दुकानदार कोई सामान न दें। पहले उसे मास्क लगाने की हिदायत दें। शर्मा ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी सख्ती बरती जाएगी।
इससे पूर्व शर्मा ने सुबह सवेरे नादौन अंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर मसेह खड्ड के पास लगे नाके का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी प्रवीण राणा भी उनके साथ रहे। उसके बाद उन्होंने शहर के सभी बाजारों में पैदल चलकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दुकानदारों को नो मास्क नो सेल के बारे में सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि इस नियम की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शर्मा ने बताया कि शहर में इंद्रपाल चौक से लेबर चौक तक स्थानीय बाजारों को वाहन मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है, जिस कारण सुबह कर्फ्यू में ढील के दौरान इस क्षेत्र में स्थानीय वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध होगा और इसके लिए गुरुद्वारा वाले रास्ते पर वैकल्पिक यातायात की व्यवस्था की गई है। हालांकि, कांगड़ा व हमीरपुर की ओर जाने वाले बाहर से आ रहे वाहनों को सीधे ही जाने दिया जाएगा। केवल नादौन आने वाले लोगों को प्रतिबंधित किया गया है।