बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर में आधा दर्जन के करीब पुल बनकर तैयार हुए हैं लेकिन, सरकार की बेरुखी के चलते इन पुलों पर बिना उद्घाटन के ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। बड़सर से दियोटसिद्ध वाया तलाई रोड पर 6 करोड़ रुपये की लागत से डबललेन पुल बनकर तैयार हो गया है, लेकिन पुल को बिना उद्घाटन के ही वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। शुक्रखड्ड में बिझड़ी वाया रोपड़ी रोड पर 3.30 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए पुल का भी आज तक उद्घाटन नहीं हो पाया। सेहली पेबड़ मान खड्ड पर बने पुल पर भी बिना उद्घाटन के ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।
राजनीतिक खींचतान के चलते इन पुलों के उद्घाटन में विलंब हो रहा है। कुछ पुल कांग्रेस की देन रहे हैं और कुछ पुलों का बीजेपी को भी श्रेय जाता है। लेकिन, अभी तक प्रदेश के मुख्यमंत्री इन पुलों का उद्घाटन करने के लिए बड़सर क्षेत्र में नहीं आए। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल पहले भी साफ कर चुके हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री इन पुलों का उद्घाटन करने के लिए आते हैं तो उनका स्वागत करेंगे। इसके अलावा और कोई भी स्वीकार नहीं होगा। वहीं, भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के नवनियुक्त संयोजक कमल नयन शर्मा ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री से उन्होंने बात की है। आगामी समय में मुख्यमंत्री स्वयं इन पुलों का उद्घाटन करने के लिए आ सकते हैं।