मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में रोजाना पहुंच रहे 30 से अधिक मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सर्दियों की शुरुआत होते ही घुटनों और कमर के दर्द से परेशान मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। तापमान में गिरावट के साथ ही मेडिकल कॉलेज में ऐसे मरीजों की आवाजाही बढ़ गई है। रोजाना 30 से अधिक मरीज घुटनों, कमर और जोड़ों के दर्द की शिकायत लेकर उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बुजुर्गों के अलावा लंबे समय तक बैठकर काम करने वाले लोग भी शामिल हैं। सर्दियों में ठंड बढ़ने के कारण लोग शारीरिक गतिविधियां कम कर देते हैं। सुबह-शाम की सैर से दूरी बनाने और अधिक समय तक घरों में बैठे रहने से मांसपेशियों में अकड़न आने लगती है। इसका असर घुटनों, कमर और शरीर के अन्य जोड़ों पर पड़ सकता है। पहले से गठिया, सर्वाइकल या कमर दर्द की समस्या से जूझ रहे लोगों की परेशानी भी ठंड के मौसम में बढ़ सकती है।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक डॉ. संजय ने बताया कि सर्दियों में सुबह बिस्तर से उठते समय घुटनों में जकड़न, कमर में खिंचाव और चलने-फिरने में परेशानी महसूस होना आम शिकायतों में शामिल है। कई बार लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने के बाद उठने पर भी जोड़ों में दर्द महसूस होता है। बुजुर्गों में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है। वहीं, कंप्यूटर पर घंटों काम करने वाले कर्मचारियों और लगातार बैठकर पढ़ाई करने वाले युवाओं में भी कमर दर्द की शिकायत सामने आ सकती है।
बॉक्स
थोड़ी सी सावधानी से मिल सकती है राहत
सर्दियों में शरीर को सक्रिय रखना बेहद जरूरी है। सुबह उठने के बाद हल्की स्ट्रेचिंग और नियमित टहलने की आदत डालनी चाहिए। ठंड से बचाव के लिए शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखें। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से बचें। बीच-बीच में उठकर कुछ देर चलें। खानपान संतुलित रखें और पर्याप्त पानी पीते रहें।
कोट
-दर्द को उम्र का सामान्य हिस्सा समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यदि घुटनों या कमर में लगातार दर्द, सूजन अथवा चलने-फिरने में अधिक परेशानी हो रही है तो चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर