कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने भाजपा प्रत्याशियों पर साधा निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कांग्रेस के बागी भाजपा प्रत्याशियों की आलोचना की है। कांग्रेस नेता ने शनिवार को हमीरपुर में प्रेसवार्ता कर सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा पर सियासी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू को खुले पत्र लिखने वाले क्या अब भाजपा में जाकर पीएम मोदी को भी पत्र लिखने की हिम्मत करेंगे।
कांग्रेस और मुख्यमंत्री सुक्खू को पत्र लिख कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए और सरकार में मुख्यमंत्री सुक्खू ने इन पत्रों पर विचार किया। कांग्रेस में सभी को अपनी बात रखने का हक है लेकिन अब भाजपाई बने ये नेता क्या पीएम मोदी को ओपीएस और अग्निपथ भर्ती योजना को लेकर पत्र लिखने की हिम्मत करेंगे। भाजपा में लोकतंत्र नहीं है बल्कि वन मैन शो है। बागी विधायकों ने कांग्रेस के साथ ही हमीरपुर जिले के गौरव से भी धोखा किया है। ईमान बेच कर हमीरपुर जिले की जनता की पीठ में छुरा घोंपने का कार्य किया है। क्या अब भाजपा में जाकर यह नेता कांग्रेस के घोषणा पत्र को पूरा करेंगे। उपचुनाव में हमीरपुर की जनता इन नेताओं को सबक सिखाएगी। चुनाव के वक्त राजनीतिक दलों को छोड़ना व दूसरे दलों में शामिल होना अलग विषय है लेकिन सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचकर दलबदल करना नैतिक नहीं है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अब ओपीएस को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के सामने उनकी कितनी चलेगी यह सर्वविदित है।