गांव की 200 कनाल भूमि को मिली फेंसिंग की सुविधा
9.25 लाख रुपये हुए खर्च, 90 परिवारों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन के अंतर्गत ग्राम पंचायत गौना के गांव कोठारली में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग हेतु राशि स्वीकृत की गई। इस कार्य से गांव के लगभग 90 परिवारों की 200 कनाल भूमि की फेंसिंग हुई है, जिससे लोगों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
यह कार्य 9.25 लाख की लागत से पूर्ण हुआ है। खंड विकास अधिकारी निशांत शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से लगभग दस लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसमें से 9.25 लाख रुपये की लागत से यह कार्य पूर्ण हो चुका है। स्थानीय निवासियों में रविंद्र कुमार, हरवंस सिंह, सुनील कुमार, प्रताप सिंह, सुधा कुमारी, सुभाष चंद्र इत्यादि व स्थानीय पंचायत ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि फेंसिंग से उनकी फसलें अब जंगली जानवरों से सुरक्षित रहेंगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और जीवन स्तर में सुधार होगा। गौर रहे कि जंगली जानवरों से किसानों की फसल खराब होती है, जिससे उनकी उत्पादन में कमी आती है।