हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल में दीवारों पर चढ़ी सीलन अब नहीं दिखेगी। यहां सफेदी का कार्य शुरू कर दिया गया। 35 लाख की लागत से यह कार्य किया जा रहा है। पूर्व में मेडिकल कॉलेज की छत पर सीलिंग करने के लिए भी एक करोड़ 30 लाख रुपये के करीब राशि खर्च की गई।
अब दीवारों पर भी पेंट किया जा रहा है। बारिश के कारण अस्पताल की हर दीवार का रंग खराब हो गया था और प्लास्तर उखड़ कर नीचे गिरता था। ऐसे में मरीजों व चिकित्सकों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ता था। इस मुद्दे को पांच नवंबर 2023 के संस्करण में खतरे से खाली नहीं आर्थो ओपीडी के बाहर बैठना शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता है। अब इस पर कार्य करते हुए अस्पताल की दीवारों व दरवाजों पर रंग रोगन किया जा रह है ताकि दीवारों से उखड़ते प्लास्तर को बचाया जा सके और मरीजों व चिकित्सकों को भी किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। लंबे समय से चली आ रही यह परेशानी आखिरकार अब दूर होगी। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि अस्पताल में पेंट करने का कार्य किया जा रहा है।