हमीरपुर। हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के स्वागत के दौरान बुधवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर नारेबाजी हुई। हालांकि इस बार अनुराग ठाकुर ने स्वयं बीच में हस्तक्षेप करते हुए समर्थकों को ऐसे नारे लगाने से रोक दिया।
उन्होंने कहा कि विवाद खड़ा करने वाले नारे लगाने की जरूरत नहीं है और सकारात्मक मुद्दों पर नारे लगाने चाहिए। एनआईटी हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने पर समर्थकों ने उनका स्वागत करते हुए हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो... का नारा लगाना शुरू किया।
दूसरे नारे पर ही अनुराग ठाकुर ने तुरंत समर्थक को बीच में रोकते हुए कहा कि ऐसे कंट्रोवर्सी वाले नारे क्यों लगाते हो। युवा हो तो युवाओं से जुड़े नारे लगाओ। अनुराग की इस टिप्पणी के बाद समर्थकों ने मुख्यमंत्री पद से जुड़े नारे बंद कर दिए और अन्य नारों के साथ उनका स्वागत किया।
गौरतलब है कि कुछ माह पहले मंडी जिले में भी अनुराग ठाकुर के समर्थन में मुख्यमंत्री पद के नारे लगे थे। उस घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की प्रतिक्रिया ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी थी। संवाद