सुजानपुर (हमीरपुर) । एचआरटीसी बैजनाथ डिपो की बस के पहिए बुधवार रात 9:00 बजे धनोटू में थम गए। बस में आई खराबी के कारण सफर कर यात्री काफी परेशान हुए। करीब एक घंटे बाद यात्रियों के लिए अन्य बस की सुविधा मुहैया करवाई गई।
उसके बाद यात्री गंतव्य की ओर रवाना हुए। यह बस बीते दिन शाम 5:15 बजे बैजनाथ से दिल्ली के लिए रवाना हुई। सुजानपुर उपमंडल के तहत आते धनोटू में जब बस पहुंची तो इंजन में दिक्कत आ गई। चालक और परिचालक की ओर से बस को ठीक करने का प्रयास किया गया। जब उन्हें सफलता नहीं मिली, तो बैजनाथ डिपो की अन्य बस की सुविधा यात्रियों को दी गई।
हमीरपुर बस अड्डे पर बैजनाथ डिपो की अन्य बस मौजूद थी, जिसे धनोटू बुलाया गया। इसमें यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए। हालांकि यह पहली बार नहीं हुआ जब एचआरटीसी की बसें खराब हुई हैं। अक्सर बसों में खराबी आती है, जिससे बस में सफर कर रहे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों ने भी एचआरटीसी प्रबंधन से बसों की जांचकर रूट पर भेजने का आग्रह किया है।