हमीरपुर। जिलेभर के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को अब जेईई और नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सुविधा मिलेगी। बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं से जोड़ने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे।
इन ग्रुपों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। व्हाट्सएप ग्रुप में विषयवार अध्ययन सामग्री, महत्वपूर्ण प्रश्न, अभ्यास सामग्री और अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री साझा की जाएगी।
विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं का समय, लिंक और जरूरी निर्देश भी ग्रुप के माध्यम से दिए जाएंगे। ग्रुप में उच्च शिक्षा उपनिदेशक और संबंधित स्कूल प्रभारी एडमिन की भूमिका निभाएंगे। स्कूल स्तर पर शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
साथ ही ऑनलाइन कक्षाओं में विद्यार्थियों की भागीदारी और पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाएगी। शिक्षक समय-समय पर विद्यार्थियों से फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं की जानकारी भी लेंगे।
गौरतलब है कि जिले के सरकारी स्कूलों में बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को जेईई, नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध करवाना है।
कोट
विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की जा रही है। स्कूल प्रभारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
-देशराज डोगरा, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर