नादौन(हमीरपुर)। नगर परिषद नादौन के वार्ड नंबर चार और पांच में लोगों को पिछले पांच दिनों से नलों में मटमैले पानी की आपूर्ति हो रही है। घरों में पहुंच रहे पानी में मिट्टी जैसी काली परत दिखाई दे रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पानी न तो पीने योग्य है और न ही घरेलू कार्यों के लिए उपयुक्त हो रहा है। इसके चलते कई परिवारों को बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। हर वर्ष बरसात में यह समस्या सामने आने के बावजूद अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
दूषित पानी से जलजनित रोगों जैसे उल्टी, दस्त, पीलिया और टाइफाइड फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने जल शक्ति विभाग से समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
कोट्य
लगातार बारिश के कारण यह स्थिति बनी है। कर्मचारियों को पानी की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
-आशीष ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता, जल शक्ति विभाग नादौन
पिछले पांच दिनों से नलों में मटमैला पानी आ रहा है। पानी में मिट्टी जैसी परत जम रही है, जिससे इसे पीना तो दूर घरेलू कामों में भी इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।
-संजय कमल, वार्ड नंबर चार निवासी
बरसात के दिनों में हर साल यह समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
-संजू, वार्ड नंबर पांच निवासी
दूषित पानी से जलजनित रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है। मजबूरी में पीने के लिए बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। विभाग को जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए।
-दीपू, वार्ड नंबर पांच निवासी
पानी को उबालकर ही करें इस्तेमाल : राजेश
बरसात के मौसम में जल स्रोतों के दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पानी को उबालकर व छानकर ही इस्तेमाल करें। यदि पानी में बदबू आ रही हो, उसका रंग बदला हुआ हो या वह अत्यधिक गंदा दिखाई दे तो उसका उपयोग पीने या खाना बनाने के लिए न करें। दूषित पानी के सेवन से डायरिया, टाइफाइड, पीलिया और अन्य जलजनित रोग फैल सकते हैं। इसलिए लोग स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
-राजेश भारद्वाज, बीएमओ नादौन
नगर परिषद नादौन के वार्ड नंबर चार में आ रहा मटमैला पानी। संवाद
नगर परिषद नादौन के वार्ड नंबर चार में आ रहा मटमैला पानी। संवाद
नगर परिषद नादौन के वार्ड नंबर चार में आ रहा मटमैला पानी। संवाद
नगर परिषद नादौन के वार्ड नंबर चार में आ रहा मटमैला पानी। संवाद