हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर आठ हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी में पिछले छह दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित है। इससे लोगों को टैंकर मंगवाकर पानी की व्यवस्था करना पड़ रही है। सर्वे ऑफ इंडिया के पूर्व उपनिदेशक श्री चंद, जगदीश शर्मा, विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले छह दिन से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पेयजल की आपूर्ति बंद है। जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को इस बारे में सूचना दी गई है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र समस्या का समाधान न किया गया तो उन्हें मजबूरन न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ सकता है। विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे। बुजुर्ग लोगों को पेयजल के लिए इधर से उधर भटकना पड़ रहा है। उधर, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव सहगल ने कहा कि अभी तक उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। इस बारे में एसडीओ को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।