सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर में भारी बारिश के कारण पेयजल योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इससे पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। शहर में पानी नहीं आने के कारण त्राहि-त्राहि मची हुई है। लोग सुबह के समय ही प्राकृतिक जलस्रोतों और हैंडपंपों पर पानी भरने के लिए पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों प्रकाश चंद, सतीश कुमार, राकेश ठाकुर, प्रताप सिंह का कहना है कि गत दिनों भारी बारिश के कारण जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं में तकनीकी खराबी आ गई है। इससे पेयजल सप्लाई नहीं हो पा रही है। लोगों को पानी लाने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में भटकना पड़ रहा है। वहीं प्राकृतिक जलस्रोतों और हैंडपंपों पर घंटों तक कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। गत शनिवार को मूसलाधार बारिश के कारण जिले में जलशक्ति विभाग की 59 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इस कारण सुजानपुर के अलावा नादौन और हमीरपुर में भी पेयजल की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता संजू कुमार ने बताया कि बारिश के चलते पेयजल योजनाएं ठप हुई हैं। शीघ्र ही सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी। पेयजल योजनाओं को ठीक करने का कार्य चला हुआ है।
बॉक्स
बिजली बोर्ड को 25 लाख का नुकसान
भारी बारिश के चलते बिजली उपमंडल सुजानपुर में भारी नुकसान हुआ है। सहायक अभियंता गोपाल भाटिया ने बताया कि बारिश के कारण करीब 25 लाख का नुकसान हुआ है। पलाही से मेहली खड्ड की एलटी लाइन, कगहेण से जाखू 33 केवी लाइन बह गई है। दूसरी ओर लोगणी, मेहली, पुआड, बल्ला राठिया में स्थापित चार ट्रांसफार्मरों में पानी भर गया है, जोकि बंद पड़े हैं।