गलोड़ में पेयजल पाइप टूटने से हुए रिसाव से सड़क पर पड़े गड्ढ़े।
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़ (नादौन)। जल शक्ति विभाग सब डिवीजन गलोड़ के तहत जगह-जगह पर टूटे पानी के पाइपों से रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है लेकिन, विभाग टस से मस नहीं हो रहा। महज आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ रहा है।
क्षेत्र में नारा पंचायत के दरबोड बल्ह, सरेड़ी पंचायत के सरेड़ी बाजार में पन्याली चौक आदि स्थानों पर रोजाना पानी व्यर्थ बह रहा है। इससे लोक निर्माण विभाग की सड़क पर गड्ढे पड़ रहे हैं। ग्राम पंचायत नारा के गांव दरबोड बल्ह के बीच तीखे मोड़ पर सड़क के बीच बने गड्ढों में खड़ा पानी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सरदर्द बना हुआ है। वहां जल शक्ति विभाग की पेयजल पाइप की बार बार लीकेज के चलते समस्या बनी हुई है।
इस तरफ लोक निर्माण विभाग भी मूकदर्शक बना हुआ है। 28 जनवरी को जल शक्ति विभाग गलोड़ के सहायक अभियंता प्रदीप कुमार ने इस समस्या के हल का आश्वासन दिया था लेकिन, कुछ नहीं हो पाया। सहायक अभियंता गलोड़ प्रदीप कुमार ने कहा कि विभाग तीन दिन के भीतर इन सभी समस्याओं का समाधान कर देगा।