हमीरपुर शहर में अपने ट्रैक्टर को खुद चलाकर लोगों को पानी उपलब्ध करवाते नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। पुंग खड्ड में पानी के तेज बहाव और भूस्खलन के कारण जलशक्ति विभाग की पेयजल स्कीम को भारी नुकसान पहुंचा है। स्कीम दो दिन से ठप है। इसके चलते जिला मुख्यालय हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित है। नगर परिषद क्षेत्र में टैंकरों से पानी मंगवाकर लोगों की प्यास बुझाई जा रही है। जलशक्ति विभाग को करीब दस लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
मंगलवार को मौसम साफ होने के चलते जलशक्ति विभाग की टीम मशीनरी समेत खड्ड में पहुंची और पेयजल स्कीम को बहाल करने में जुटी है। विभाग के अधिकारियों का दावा है कि मंगलवार देर रात तक स्कीम को दुरुस्त कर लिया जाएगा। इसके बाद बुधवार दोपहर बाद तक शहर व आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। पुंग खड्ड पेयजल स्कीम से रोजाना करीब दो लाख लीटर पेयजल की आपूर्ति होती है। इस स्कीम से हमीरपुर शहर के 10 वार्डों और आसपास की ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति होती है, लेकिन रविवार को भारी बारिश के बाद पेयजल स्कीम को नुकसान पहुंचा और इसके चलते सोमवार से पेयजल आपूर्ति बाधित है।
हमीरपुर जलशक्ति विभाग के एक्सईएन राकेश ठाकुर ने कहा कि स्कीम को करीब दस लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बुधवार तक शहर में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इस स्कीम से रोजाना दो लाख लीटर पानी की आपूर्ति होती है।
बाक्स:
नप अध्यक्ष ने खुद ट्रैक्टर चलाकर लोगों की बुझाई प्यास
नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज कुमार मिन्हास ट्रैक्टर भी चलाते हैं। उन्हें जब पता चला कि शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित है और लोग पानी के लिए तरस रहे हैं, तो उन्होंने ट्रैक्टर के साथ टैंकर जोड़ा और हैंडपंप से टैंकरों में पानी भर-भरकर शहर के वार्ड नंबर सात और आठ में लोगों को उपलब्ध करवाया। मंगलवार को शाम तक करीब पांच पानी के टैंकर लोगों तक पहुंचाए। नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने बताया कि शहर में पेयजल आपूर्ति न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने शहर में पेयजल टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध करवाया है ताकि लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। शहरवासियों ने उनके इस जज्बे की तारीफ की है।