बड़ा (नादौन)। उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत सपड़ोह के लाहड़ गांव में पंचायत कार्यालय के पास पाइप लीक होने से पेयजल व्यर्थ बह रहा है। इससे न केवल सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है बल्कि, वहां आसपास कीचड़ का आलम है। इससे दुर्घटना का अंदेशा भी बना हुआ है लेकिन, स्थानीय पंचायत और जल शक्ति विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं।
लोगों का कहना है कि इस बारे में उन्होंने पंचायत और विभाग को कई बार अवगत करवाया लेकिन, समस्या का हल नहीं हुआ। पंचायत प्रधान आशा कुमारी ने कहा कि इस पाइप को ठीक करवाया जाएगा। लोगों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से भी इस समस्या का अतिशीघ्र हल करने की मांग की है। इस बारे में जल शक्ति विभाग बड़ा के कनिष्ठ अभियंता बलविंदर भारद्वाज ने कहा कि समस्या हाल ही में ध्यान में आई है। अतिशीघ्र इसका समाधान होगा।