कुनाह खड्ड पर लगाया गया है चेतावनी बोर्ड। संवाद
- फोटो : स्रोत स्वयं
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। कुनाह खड्ड के पुल पर लगे चेतावनी बोर्ड पर डिडवीं गांव के लोगों ने आपत्ति जताई है। डिडवीं गांव के लोगों का दावा है कि जिस स्थान पर यह बोर्ड लगा है, वह क्षेत्र ग्राम पंचायत डिडवीं के अंतर्गत आता है, जबकि वहां पर ग्राम पंचायत मोरसू सुल्तानी ने बोर्ड लगाया है।
ग्राम पंचायत मोरसू सुल्तानी ने कुनाह खड्ड में बोर्ड लगाया है। इस बोर्ड में लिखा है कि इस स्थान पर कूड़ा-कर्कट न फेंकें। उल्लंघनकर्ता को दो हजार रुपये जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डिडवीं गांव के लोगों में त्रिलोक चंद, अशोक, विक्की, निखिल आदि ने कहा कि जिस स्थान पर यह बोर्ड लगाया गया है, यह स्थान ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर के अंतर्गत आता है। इस स्थान पर केवल डिडवीं टिक्कर का ही बोर्ड लगेगा।
ग्राम पंचायत मोरसू सुल्तानी बोर्ड को अपने अधिकार क्षेत्र में लगाए। इस संबंधी लोगों ने एक मांगपत्र ग्राम पंचायत प्रधान डिडवीं टिक्कर कुलवीर को सौंपा है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस आग्रह पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर के प्रधान कुलवीर ने कहा कि मांगपत्र प्राप्त हुआ है। ग्राम पंचायत मोरसू सुल्तानी के प्रधान से बातचीत की जाएगी और समस्या का हल किया जाएगा।
कैप्शन
कुनाह खड्ड पर लगाया गया चेतावनी बोर्ड। संवाद