शहर के वार्ड-एक में लोगों को कचरा फेंकने में दिक्कत नहीं होगी। नगर परिषद ने वार्ड में अतिरिक्त कूड़ेदान स्थापित करवाए दिए हैं। कूड़ेदानों के बाहर गंदगी फेंकने वालों पर भी नगर परिषद कार्रवाई की तैयारी में है।
वार्ड स्तर पर प्रत्येक सोमवार को अमर उजाला के कार्यक्रम आपकी आवाज के दौरान वार्ड के लोगों ने कूड़ेदानों में जमा कचरे को समय पर न उठाने की समस्या एसडीएम के समक्ष रखी थी।
इस पर एसडीएम ने नप अधिकारियों को वार्ड में सफाई व्यवस्था सुचारु करने के आदेश दिए। नगर परिषद अधिकारियों ने वार्ड में अतिरिक्त कूड़ेदानों की व्यवस्था कर दी है।
साथ ही, डंपर से कूड़ेदानों में भरी गंदगी को भी समय पर उठाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अब सुबह-शाम खुले में कचरा फेंकने वाले लोगों पर भी सफाई कर्मचारी नजर रखेंगे।
खुले में गंदगी फेंकने वाले परिवारों की शिकायत नप नुमाइंदों से की जाएगी। नप कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित परिवार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद अधिकारियों ने कूड़ेदान में कचरे को आग लगाने पर नप सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष सुलोचना देवी का कहना है कि वार्ड में अतिरिक्त कूड़ेदानों लगा दिए हैं। खुले में कचरा फेंकने वालों और कूड़ेदानों में कचरा फूंकने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।