हमीरपुर। जिले में चिट्टे के खिलाफ लोगों में जागरूकता बढ़ी है। इस जागरूकता का नतीजा है कि पुलिस नेटवर्क की पहुंच अब तस्करों तक ही नहीं बल्कि चिट्टे का सेवन करने वालों तक भी हो गई है। बीते दो से तीन माह के भीतर जिला के विभिन्न थानों में चिट्टे की बड़ी खेप सहित आरोपियों को पुलिस की टीमों ने घरों से दबोचा है। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में जिला वॅार अंगेस्ट ड्रग (वैड) कार्यक्रम चलाया गया है। इस मुहिम के तहत अब लोगों से पुलिस को तस्करी और नशे के सेवन के छोटे से बड़े इनपुट मिल रहे हैं। इन इनपुट की बदौलत एक-दो नहीं बल्कि आधा दर्जन के करीब आरोपियों को चिट्टे सहित घरों से दबोचा गया है।
आम जनमानस से सूचनाएं मिलने के साथ ही इन मामलों में पुलिस को जनप्रतिनिधियों का खासा सहयोग मिला है। नशे के दलदल में फंसे युवाओं के परिजन भी अपने बच्चों को पुलिस के हवाले कर रहे हैं। बच्चे इस दलदल से बाहर निकल सकें, इसके लिए भी अभिभावकों में जागरूकता आई है। चिट्टा तस्करों पर पुलिस ने नकेल कसी है। वर्ष 2025 की पहली तिमाही में जिले में एनडीपीएस के 40 से अधिक केस दर्ज हुए हैं। बीते वर्ष 65 मामले दर्ज हुए थे और 182 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था जबकि इस वर्ष चार माह में 350 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया जा चुका है। इस वर्ष न सिर्फ चिट्टे की पकड़ के मामलों में बढ़ोतरी हुई बल्कि पुलिस का सूचना तंत्र भी बीते वर्षों के मुकाबले मजबूत हुआ है। यही वजह है कि चिट्टे की तस्करी करने वाले घरों से बड़ी खेप के साथ दबोचे जा रहे हैं।
200 ग्राम के करीब चिट्टा आरोपियों के घरों से बरामद
बड़सर में 30, भोरंज में 130 और हमीरपुर में 25 ग्राम चिट्टे के साथ आरोपी घरों से धरे गए हैं। यह चिट्टा युवाओं तक पहुंच पाता, उससे पहले ही लोगों से मिले इनपुट और अपने नेटवर्क की बदौलत पुलिस ने इन आरोपियों को धरा। अप्रैल माह तक 350 ग्राम के लगभग चिट्टा बरामद किया गया है। इसमें से विभिन्न मामलों में 200 ग्राम के करीब चिट्टा आरोपियों सहित घरों से बरामद किया गया है।
होशियारपुर की सप्लाई चेन को तोड़ना चुनौती
होशियारपुर से चिट्टे की प्रदेशभर में सप्लाई हो रही है। हमीरपुर में विभिन्न थानों में होशियारपुर से चिट्टा लेकर हमीरपुर पहुंच रहे तस्करों को धरा गया है लेकिन इस सप्लाई चेन को तोड़ने में अभी सफलता नहीं मिल सकी है। मुख्य सरगना अपने पेडलर के जरिये चिट्टे की खेप सीधा स्थानीय तस्करों को पहुंचा रहे हैं।
लोगों का भरपूर सहयोग मिलने लगा है। समाज और अभिभावकों के जागरूक होने से ही नशे की इस समस्या से पार पाया जा सकता है।
-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर