हमीरपुर। जिले में विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों के लिए मंगलवार को मतदान होगा। जिले में कुल 17 पद खाली हैं। इसमें नामांकन पत्र वापस लेने की प्रक्रिया के बाद 12 ग्राम पंचायतों में 12 पंचायत सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए हैं। जबकि, बीडीसी के तीन वार्डों में कुल नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। उपप्रधान के एक पद के लिए दो उम्मीदवार और पंचायत सदस्य के एक पद के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
जिला पंचायत अधिकारी सुमन बाला ने बताया कि बीडीसी नादौन के वार्ड-7 भूंपल में तीन उम्मीदवार, बीडीसी बिझड़ी के वार्ड-4 करेर में चार उम्मीदवार और बीडीसी भोरंज के वार्ड-9 भोरंज में दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा ग्राम पंचायत बिझड़ी में उपप्रधान पद के लिए दो और ग्राम पंचायत मनवीं के वार्ड नंबर-1 में पंचायत सदस्य के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए दो मई को मतदान होगा। बिझड़ी पंचायत में उपप्रधान के पद पर चुनाव दिलचस्प रहने वाला है। उपप्रधान पद के लिए यहां अश्वनी कालिया और गुरदेव में सीधा मुकाबला होगा। पूर्व में बिझड़ी पंचायत से उपप्रधान के पद के लिए सात उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन गत दिवस पांच प्रत्याशी अपना नाम वापस ले चुके हैं। अब दो प्रत्याशियों में आमने-सामने मुकाबला होने वाला है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन विभाग ने सभी मतदान केंद्रों के लिए मतदान टीमें रवाना कर दी हैं। मंगलवार सुबह आठ बजे से सायं चार बजे तक मतदान होगा। उपप्रधान और वार्ड सदस्य के लिए इसी दिन मतगणना होगी। जबकि बीडीसी सदस्य की मतगणना चार मई को बीडीसी मुख्यालय पर होगी। निर्वाचन विभाग ने एक मतदान केंद्र को अति तनावपूर्ण, चार को तनावपूर्ण और 40 अन्य को सामान्य मतदान केंद्र घोषित किया है। अति तनावपूर्ण और तनावपूर्ण मतदान केंद्रों पर पुलिस बल का पहरा रहेगा।