हमीरपुर। परिधि गृह हमीरपुर में कांग्रेस के वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत जिला समन्वयक विधायक सुरेश कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर अभियान का आगाज किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत आगामी दिनों में जिलेभर में केंद्रीय चुनाव आयोग के खिलाफ हस्ताक्षर मुहिम चलाई जाएगी।
लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस ने यह अभियान देशभर में चलाया है और चुनाव आयोग के द्वारा चुनावों में धांधलियां किए जाने के खिलाफ यह अभियान चला है। सुरेश कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र से 1500 हस्ताक्षर करवाकर भेजे जाएंगे, जिसमें युवा कांग्रेस, सेवादल और बाकी कांग्रेस के सदस्य इस अभियान को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में जाकर काम करेंगे।
अभियान 12 अक्तूबर तक पूरा किया जाएगा और 13 अक्तूबर को प्रभारी रजनी पाटिल को शिमला में एक लाख हस्ताक्षर के फार्म दिए जाएंगे और 15 अक्तूबर को राहुल गांधी की ओर से दस्तावेज राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे, ताकि चुनाव आयोग के खिलाफ कार्रवाई की मांग को पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि हैरत का विषय है कि नेता विपक्ष राहुल गांधी चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हैं और जवाब भाजपा के नेता दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता आयोग के प्रवक्ता बने हुए हैं, लेकिन जिम्मेवार अधिकारी राहुल गांधी के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं। देश के कौने-कौने में भाजपा ने वोट चोरी को अंजाम दिया है। आम लोगों को हस्ताक्षर अभियान के तहत इस विषय पर जागरूक किया जाएगा।