जाहू (हमीरपुर)। परिवहन विभाग शिमला के अधिकारियों की टीम ने जाहू में दबिश देकर वाहनों और दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान टीम ने 30 वाहनों के चालान काटे। औचक निरीक्षण से कस्बे के वाहन चालकों में खलबली मच गई। टीम ने जैसे ही जाहू में बसों व अन्य वाहनों के दस्तावेज जांचना आरंभ किए तो कुछ बस चालकों ने अपनी बसें पीछे ही खड़ी कर दीं। परिवहन विभाग शिमला की स्पेशल टीम में एआरटीओ राजेश कुमार, सितेंद्र और निरीक्षक तपेश शर्मा, दीवान, राजकुमार शामिल रहे। एआरटीओ राजेश कुमार और सितेंद्र ने बताया कि पिछले तीन दिन से कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर व ऊना में बसों के कागजात, ड्राइवर, कंडक्टर की वर्दी, टिकट, रूट परमिट और अन्य चीजों की चेकिंग की जा रही है। जाहू में भी बसों व अन्य वाहनों की चेकिंग कर 30 वाहनों के चलान काटे गए हैं। इसके अतिरिक्त तीन वोल्वों बसों की जांच की गई। जिनमें से एक के पूरे दस्तावेज न होने पर उसे जब्त कर लिया गया।