जाहू (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुंडखर में भोरंज ब्लॉक की अंडर-14 वर्ग की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ भोरंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश कुमारी ने किया। मुख्यातिथि ने द्वीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का आगाज किया। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान जहां खिलाड़ियों को अनुशासन में खेलने की सीख देता है, वहीं आपस में प्रतियोगिता की भावना भी पैदा करता है। इस दौरान विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में भोरंज ब्लॉक के 26 स्कूलों के करीब 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस दौरान एडीईपीओ मस्त राम बडियाल, राजकुमार, रमेश चंद ठाकुर, सरवन सिंह, कमल प्रकाश, अजय शर्मा, वीना धीमान, राजुकमार, हेमराज सहित अन्य उपस्थित रहे। पहले दिन हुए मुकाबलों में वॉलीबाल मैच में राजकीय उच्च पाठशाला धिरवीं ने राजकीय उच्च पाठशाला नाहलवीं को हरा कर पहली जीत दर्ज की। दूसरे मैच में राजकीय माध्यमिक पाठशाला मुंडखर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहन्वी को पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महल ने साईं विजन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरेड़ी को हराया। वहीं, बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं टिक्कर ने नव विभोर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुलगवान को हराया।