तीन दिवसीय इंटर कॉलेज वॉलीबाल प्रतियोगिता में 46 टीमें ले रहीं भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। गौतम महाविद्यालय हमीरपुर में मंगलवार को तीन दिवसीय इंटर कॉलेज वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर राजकीय महाविद्यालय कोटला खुर्द से प्राचार्य राजकुमार बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए।
उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहकर खेलकूद गतिविधियों में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज के अध्यक्ष जगदीश गौतम ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पुरुष वर्ग की 46 टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों को महाविद्यालय परिसर में सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही है।
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर बारिश अधिक होने के कारण वॉलीबाल का एक मुकाबला नहीं हो पाया। ऐसे में निर्णायक कमेटी ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन मौसम साफ होने पर मुकाबले आयोजित करने का निर्णय लिया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला राजकीय महाविद्यालय रामपुर और राजकीय महाविद्यालय रे के बीच होगा। विजेता टीम का मुकाबला राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ के साथ आयोजित किया जाएगा।