हमीरपुर। विकास खंड बमसन की लंबलू पंचायत में उपतहसील न खुलने, आयुर्वेदिक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने और महिला डिग्री कॉलेज की घोषणा के बाद इसे स्वीकृत न करने के विरोध में पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण क्रमिक भूख हड़ताल करेंगे। पंचायत प्रधान करतार सिंह चौहान की अगुवाई में यह हड़ताल आठ जून से अनलॉक के दौरान शुरू होगी। लंबलू कस्बा में कैबिनेट की मंजूरी के दो साल बाद भी उपतहसील नं खुलने से ग्रामीणों में रोष है।
तहसील संबंधी कार्यों के लिए उन्हें 15 से 20 किलोमीटर दूर हमीरपुर जाना पड़ता है। उधर, आयुर्वेदिक अस्पताल लंबलू में रात को भी ओपीडी शुरू की गई है लेकिन लैब टेस्ट, निशुल्क दवाई काउंटर और एंबुलेंस सुविधा यहां नहीं है। अस्पताल के पूर्ण रूप से कार्यान्वयन के लिए भी ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि लगातार मांग कर रहे हैं। हड़ताल के दौरान यह मांग भी प्रमुख रहेगी। इसके अलावा लंबलू में महिला डिग्री कॉलेज की घोषणा पर कार्रवाई न होने से क्षेत्रवासियों में रोष है। क्षेत्रवासियों ने इसकी मंजूरी देकर निर्माण की भी मांग उठाई है। क्षेत्रवासियों दुर्गा दास शर्मा, अशोक कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुमित कुमार, निशा देवी, सुरेश कुमार, पुरषोतम ठाकुर ने कहा कि पंचायत प्रधान लंबलू की अगुवाई में मांगों को लेकर क्रमिक हड़ताल की जाएगी। उधर, इस बारे ग्राम पंचायत लंबलू के प्रधान करतार सिंह चौहान ने कहा कि अस्पताल में 24 घंटे ओपीडी शुरू है, लेकिन ईसीजी समेत अन्य जांच नहीं हो रही है। टेस्ट लैब, निशुल्क दवाई काउंटर और एंबुलेंस की मांग की जाएगी। वहीं, उपतहसील न खुलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि मांगों को लेकर क्रामिक भूख हड़ताल आठ जून से अनलॉक के दौरान होगी।