प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबेरी में विरोध प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबैरी में मंगलवार को ग्रामीणों ने डाॅक्टरों की प्रतिनियुक्ति के आदेश के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रदर्शन के जरिये विभागीय आदेशों को वापस लेने की मांग उठाई है। प्रदर्शन में शामिल लोगों व पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबैरी में कार्यरत डॉ. सुरेंद्र डोगरा और डॉ. पल्लवी को गलत नीति से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोरी और पटलांदर में प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है।
अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबैरी में इलाज कराने आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाजसेवी सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर प्यार चंद ठाकुर, बगेहड़ा पंचायत प्रधान रजनी बाला, बेरी पंचायत प्रधान रेखा शर्मा, जंगलबरी पंचायत प्रधान प्रेमलता, चंपा रानी, चंदा देवी, पुरुषोत्तम आदि ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबैैरी को आधुनिक सुविधाओं और उपलब्धियों के आधार पर मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा मिला है लेकिन अब नियमों को ताक पर रखकर सीएमओ हमीरपुर की ओर से चिकित्सकों को अन्य जगह प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त कर दिया गया है। इससे मरीजों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं होती है, प्रतिदिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रदर्शन करेंगे।
कोट
सीएमओ हमीरपुर डाॅक्टर आरके अग्निहोत्री ने कहा कि जिन अस्पतालों में एक भी डाक्टर तैनात नहीं है, वहां पर लोगों की सुविधा के लिए डाॅक्टरों को प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। लोगों की समस्या को देखते हुए ही यह आदेश किए गए हैं।