भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत भरेड़ी में तीन से चार ग्रामीणों ने पेयजल पाइप जोड़ने का कार्य रोक दिया है। कार्य रुकने से छह गांवों के बाशिंदे पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं।
यह समस्या पिछले सात दिन से बनी है। प्रभावित हो रहे ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से समस्या के समाधान की मांग की। लोक निर्माण विभाग बस्सी-तताहर सड़क का विस्तार कर रहा है। इसके चलते बड़ोह टैंक से गुररेहड़ा टैंक तक डाली गई पाइपलाइन भी टूट गई है। सड़क किनारे खोदाई कार्य किया जा रहा है और पेयजल पाइपों को निकालकर थोड़ी दूरी पर दोबारा से भूमि के नीचे दबाकर जोड़ा जा रहा है।
इस दौरान तीन से चार ग्रामीणों ने कहा कि जहां पहले पेयजल पाइपें डाली थीं, वहीं पर पुन: उन पाइपों को डाला जाए। अब पेयजल पाइपें सड़क किनारे उनकी जमीन में डाली जा रही हैं, जो उचित नहीं हैं। विरोध स्वरूप उन्होंने जल शक्ति विभाग के कर्मियों को दो बार पेयजल पाइप डालने से रोका है, जिस कारण गांव गुजरेहड़ा, ककरोल, दर, रोपड़ी इत्यादि गांवों में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। इससे सात दिन से ग्रामीण पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं।
इस बारे में गरसाहड़ पंचायत के उपप्रधान विकास शर्मा का कहना है कि जल शक्ति विभाग पहले गांव बलि, अंबी, गरसाहड़, भरेड़ी की पाइपलाइन जोड़कर पेयजल बहाल करे। उसके पश्चात ही गुजरेड़ा गांव की तरफ जाने वाली पाइपलाइन को जोड़ने देंगे।
कोट
दो बार कर्मचारी पाइपलाइन को जोड़ने के लिए मौके पर गए थे, लेकिन कुछ ग्रामीण झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। सड़क के किनारे पाइपलाइन को बिछाने नहीं दे रहे हैं। सात दिन से गांव गुजरेहड़ा, ककरोल, दर और रोपड़ी इत्यादि में पेयजल सप्लाई प्रभावित हो रही है और ग्रामीण परेशान हैं।
-कमलेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता, जल शक्ति विभाग अनुभाग भरेड़ी